साप्ताहिक राशिफल 3 से 9 फरवरी 2025 तक

Weekly Horoscope (3 to 9 February 2025): जानें क्या कहते हैं आपके सितारे

भोपाल। राशिफल में सभी की जिज्ञासा रहती है। राशिफल भारतीय ज्योतिष की प्रचलित विधा है। यह राशिफल चंद्र राशि पर आधारित है। इसे आप अपनी राशि का सामान्य राशिफल मान सकते हैं। आपकी जन्म कुंडली में ग्रहों की स्थिति के अनुसार कम या अधिक फल स्वाभाविक है। फरवरी माह के इस पहले सप्ताह का आप सभी 12 राश‍ियों का साप्ताहिक भविष्यफल यहां पढ़ सकते हैं।
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए ग्रहों की स्थिति इस सप्ताह को महत्वपूर्ण बना रही है। शुभता और उपलब्धि के साथ यह सप्ताह बड़े बदलाव का कारक भी बन सकता है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। प्रयास और मेहनत का अच्छा परिणाम मिलेगा। बहुप्रतीक्षित मनोकामना पूरी हो सकती है। उत्साह एवं पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा। अटके कार्य किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से पूरे होंगे। कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। लंबी दूरी की यात्रा संभव है, जो सुखद एवं लाभप्रद होगी। वित्तीय दृष्टि से समय अनुकूल रहेगा। स्वास्थ्य पर ध्यान दें। व्यवसाय में अपेक्षित लाभ होगा। रिश्ते-नातों और दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। प्रेम संबंध मजबूत होंगे। अविवाहित लोगों का विवाह तय हो सकता है। भगवान श्री हनुमान जी का स्मरण करें।

वृष
वृष राशि के जातकों के लिए ग्रहों की स्थिति कुछ उतार-चढ़ाव के संकेत दे रही है। घर और बाहर दोनों जगह अपने काम को बड़ी सावधानी के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। कार्यक्षेत्र में अपने विरोधियों से सतर्क रहें और उलझने से बचें। अच्छा हो कि स्वयं के काम पर पूरा ध्यान दें। स्वजनों और सीनियर से समर्थन न मिलने से मन थोड़ा खिन्न रहेगा। रोजी-रोजगार और कारोबार की दृष्टि से निराशाजनक समय कहा जा सकता है। इस समय संबंधों और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता है।। संतान पक्ष से जुड़ी कोई समस्या आपकी चिंता का बड़ कारण बन सकती है। किसी आत्मीय के व्यवहार से आहत हो सकते हैं। दांपत्य जीवन पर ध्यान दें। प्रेम-प्रसंग में गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं। देवी श्री दुर्गा जी का स्मरण करें।

मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए ग्रहों की स्थिति इस सप्ताह को मिश्रित फलदायी रहने के संकेत दे रही है। कुछ प्रतिकूल परिस्थितियों से गुजरना पड़ सकता है। सोचे हुए कार्यों में बाधाएं आ सकती हैं। आत्मीय लोगों से अपेक्षित मदद नहीं मिलेगी। आगे बढ़कर कार्य करने की प्रवृत्ति में भी कमी देखी जा सकती है। नकारात्मक विचारों से बचते हुए कार्यों को समय पर पूरा करने का प्रयास करें। कारोबार में मंदी चिंता का कारण बनेगी। मार्केट में साख बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। कार्यक्षेत्र में बदलाव करने का मन बनने पर आवेश में आकर कोई कदम न उठाएं और कोई भी बड़ा निर्णय लेने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लें। जीवनसाथी के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। प्रेम संबंध में खटास आ सकती है। भगवान श्री गणेश जी का स्मरण करें।

कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए ग्रहों की स्थिति इस सप्ताह कुछ भागदौड बनी रहने के संकेत दे रही है। कार्यक्षेत्र में कुछ दबाब की स्थिति बन सकती है। निर्धारित कामों में सफलता अधिक परिश्रम और प्रयास चाह रही है। बिना किसी दबाब अथवा तनाव के अपने लक्ष्य को लेकर सचेत रहें। अधिक परिश्रम का असर स्वास्थ्य पर भी हो सकता है। मौसमी बीमारी अथवा किसी पुरानी बीमारी के उभरने से शारीरिक कष्ट हो सकता है। आर्थिक दृष्टि से कुछ अनिश्चितता के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि लाभ की स्थिति बनेगी। व्यापार में अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम करने की आवश्यकता है। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। प्रेम संबंध में मर्यादा का ध्यान रखते हुए वास्तविक धरातल पर बने रहें। भगवान श्री शिव जी का स्मरण करें।

सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सौभाग्यपूर्ण है। कार्यक्षेत्र में अनुकूल स्थितियां बनी रहेंगी। घर और बाहर दोनों जगह आपको लोगों से भरपूर स्नेह, सहयोग और समर्थन मिलेगा। आलस्य अथवा शारीरिक थकान दूर होगी। सकारात्मक सोच और आगे बढ़ने की प्रवृत्ति बनी रहेगी। कार्यक्षेत्र में नेतृत्व करने का अवसर मिल सकता है। अपने गुप्त शत्रुओं से भी सावधान रहने की आवश्यकता रहेगी। कामकाज के संबंध में अधिक सुगमता बनी रहेगी और स्थितियां अनुकूल रहेंगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए भी समय सुखद एवं लाभप्रद है। कारोबार को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे। लाभ में वृद्धि होगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ है। वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ होंगे। भगवान श्री लक्ष्मीनारायण जी का स्मरण करें।

कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए ग्रहों की स्थितियां पूर्ण अनुकूलता के संकेत दे रही हैं। यह अधूरे कार्यों को पूरा करने तथा मनचाहा लाभ दिलाने वाला समय है। कोई शुभ समाचार प्रतीक्षा कर रहा है। कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। भाग्य का सहयोग कार्यों में आ रही अड़चनें दूर करेगा। गुणों में वृद्धि होगी तथा उसके बल पर मनचाही सफलता और लाभ प्राप्त कर पाएंगे। आपके प्रयास और परिश्रम प्रतिस्पर्धी को काफी पीछे छोड़ देंगे। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में बड़ी राहत मिल सकती है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए खान-पान और दिनचर्या पर विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता रहेगी। परिजनो से अच्छे संबंध रहेंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। प्रेम संबंध में निकटता आएगी। प्रेम संबंध विवाह में बदलने के योग बन रहे हैं। भगवान श्री गणेश जी का स्मरण करें।

तुला
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता और सफलता लेकर आया है।कार्य में मनचाही सफलता और लाभ की प्राप्ति संभव है। कामकाज को लेकर लंबी दूरी की यात्रा सुखद एवं लाभप्रद होगी। घर और बाहर स्वजनों और शुभचिंतकों का सहयोग और समर्थन मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए अत्यंत ही शुभ समय है। मेहनत फल देगी। कारोबार में मनचाहा लाभ होगा। व्यवसाय से जुड़ी कोई बड़ी डील करने पर मार्केट में साख बढ़ेगी। पूर्व में किया निवेश बड़े लाभ का कारण बनेगा। प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को शुभ समाचार की प्राप्ति होगी। संबंधों की दृष्टि से उत्तम समय है। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। प्रेम संबंध और अधिक गहरे होंगे। भगवान श्री शिव जी का स्मरण करें।

वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी भी लापरवाही से बचने और सावधानी बरतने की आवश्यकता है। कामकाज में अथवा वाहन चलाते समय लापरवाही से नुकसान उठाना पड़ सकता है। आलस्य और अभिमान से बचते हुए हाथ आए अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए। यदि आप विदेश में करियर-कारोबार के लिए प्रयासरत हैं तो आपको उससे जुड़ी मनचाही सफलता पाने के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। कारोबार में लाभ दिलाने वाले अवसरों में कमी देखने को मिल सकती है। बाजार में फंसे धन को निकालने में भी कठिनाई का अनुभव होगा। अचानक बड़े खर्च आ सकते हैं। संतान से जुड़ी कोई चिंता सताएगी। जीवनसाथी से विवाद से बचें। प्रेम संबंध मेंसंभल कर कदम आगे बढ़ाएं। भगवान श्री हनुमान जी का स्मरण करें।

धनु
धनु राशि के जातकों के लिए ग्रहों की स्थिति शुभता और सौभाग्य के संकेत दे रही है। करियर-कारोबार अथवा किसी कार्य विशेष के लिए किया गया प्रयास सफल होगा। वित्तीय दृष्टि से पूरा सप्ताह ही फलप्रद रहेगा। लंबे समय से चली आ रही आर्थिक समस्याओं का समाधान निकल आएगा। भूमि-भवन आदि से संबंधित विवाद दूर होंगे। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। बेहतर प्रदर्शन के चलते पुरस्कार प्राप्त हो सकता है। बेरोजगार लोगों को मनचाहे रोजगार की प्राप्ति संभव है। मौसमी बीमारियों के प्रति खूब सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से समय अनुकूल है। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। प्रेम प्रसंग में लव पार्टनर के साथ आपसी विश्वास और नजदीकियां बढ़ेंगी। भगवान श्री विष्णु जी का स्मरण करें।

मकर
मकर राशि के जातकों के लिए सप्ताह सौभाग्यशाली है। किस्मत के सितारे चमकते हुए नजर आएंगे। प्रत्येक क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। करियर-कारोबार की दृष्टि से अनुकूलता बनी रहेगी। बेरोजगारों को कोई अच्छा अवसर प्राप्त हो सकता है। वहीं पहले से कार्यरत लोगों का कार्यक्षेत्र में कद एवं पद बढ़ सकता है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्रों को सुखद समाचार की प्राप्ति होगी। व्यवसायी वर्ग के लिए भी यह सप्ताह अत्यंत शुभ रहने वाला है। कारोबार में तेजी से प्रगति एवं लाभ होगा। सत्ता-सरकार से निकटता का लाभ उठा सकेंगे। लाभ और प्रगति से संतुष्ट नजर आएंगे। प्रेम संबंध में अनुकूलता बनी रहेगी।वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। भगवान श्री शिव जी का स्मरण करें।

कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए बीते सप्ताह की तुलना में अच्छा समय है। सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा। शुभचिंतक मेहरबान रहेंगे। कुुछ घरेलू समस्याओं के चलते आपका मन चिंतित रह सकता है लेकिन आप अपनी बुद्धि और विवेक से उन समस्याओं का समाधान खोजने में सफल हो जाएंगे। करियर-कारोबार अनुकूलता बनी रहेगी। कार्यक्षेत्र में कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। कामकाजी महिलाओं के कद एवं पद में वृद्धि से उनका मान-सम्मान बढ़ेगा। तीर्थाटन का योग बन सकता है। छात्रों का मन पढ़ाई में रमेगा। सेहत सामान्य बनी रहेगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से समय अनुकूल रहने वाला है। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी। भगवान श्री हनुमान जी का स्मरण करें।

मीन
मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत शुभ रहेगा। बीते कुछ समय से अपने लक्ष्य से भटक गये थे तो एक बार फिर पूरे मनोयोग से उसकी प्राप्ति के लिए प्रयास करेंगे। इसमें शुभचिंतकों का सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा। करियर-कारोबार की दृष्टि से अनुकूल समय है। कार्यक्षेत्र में विरोधियों की चाल असफल होगी। रोजी-रोजगार में बदलाव की मनोकामना पूरी हो सकती है। किसी दूसरी संस्था से अच्छा प्रस्ताव आ सकता है। व्यवसाय की दृष्टि से पूरा सप्ताह शुभ है। आकस्मिक धन लाभ के भी योग बनेंगे। परिजनों, मित्रों एवं जीवनसाथी से अपेक्षित सहयोग प्राप्त होता रहेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। भगवान श्री विष्णु जी का स्मरण करें।