बांग्लादेश में बाढ़ भारत के कारण नहीं

Flood In Bangladesh: भारत सरकार ने अपना पक्ष रखा

नई दिल्ली। कई बांग्लादेशी संगठन हाल ही में वहां आई भीषण बाढ़ के पीछे भारत को ज़िम्मेदार ठहरा रहे थे। इस संगठनों का दावा था कि त्रिपुरा के दम्बुर जलविद्युत परियोजना के बांध को खोल दिया गया, इस कारण बांग्लादेश में बाढ़ आई। भारत सरकार ने इस पर अपना पक्ष रखा है।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा, “बांग्लादेश में बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर यह चिंता जताई गई है कि यह त्रिपुरा में गुमती नदी पर बने दम्बुर बांध के खोलने से पैदा हुई है। यह पूरी तरह से सही नहीं है।”

विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत और बांग्लादेश से होकर बहने वाली गुमती नदी के तटीय इलाक़ों में इस साल भारी बारिश हुई है। भारत का कहना है कि बांग्लादेश में बाढ़ इन इलाक़ों से नीचे की ओर जाने वाले पानी की वजह से आई है। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि त्रिपुरा दम्बुर बांध बांग्लादेश की सीमा से 120 किलोमीटर दूर है। यह एक छोटी ऊंचाई वाला बांध है जो बांग्लादेश को भी 40 मेगावॉट की बिजली सप्लाई करता है।