मध्यप्रदेश——बड़वानी में पुलिस गिरफ्त से भागा दुष्कर्म का आरोपी

बड़वानी। यहां न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दुष्कर्म का आरोपी पुलिस गिरफ्त के दौरान अचानक जीप से कूदकर भागने लगा। हथकड़ी सहित आरोपी को भागता देख बाइक सवार युवाओं ने पीछा किया और कुछ दूर जाकर उसे पकड़ पुलिस के हवाले किया।
मिली जानकारी के अनुसार दुष्कर्म के एक आरोपी को वरला थाना पुलिस बड़वानी कोर्ट लेकर आई थी। थाने के 2 पुलिसकर्मी मोहन पाटीदार और मनोज बघेल उसके साथ थे। पुलिसकर्मी कारंजा के समीप एक दुकान पर फोटोकॉपी कराने उतरे। इसी समय आरोपी वाहन से कूदकर भागने लगा।

हथकड़ी पहने व्यक्ति को भागता देख और उसके पीछे पुलिस को भागता देख मोटरसाइकिल पर सवार युवा मोटरसाइकिल से आरोपी के पीछे भागे और उन्होंने मोटरसाइकिल उसके सामने अड़ा दी। इससे आरोपी गिर गया और पीछे दौड़ कर आ रहे पुलिसकर्मियों द्वारा आरोपी को वापस पकड़ लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम राजेश पिता प्रेम सिंह है। इसे पुलिस द्वारा दुष्कर्म के आरोप में महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है और शुक्रवार को इसे कोर्ट में पेश किया जा रहा था।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.