महामारी कोरोना— 24 घंटे में कोरोना के 3 लाख 37 हजार नए संक्रमित; 488 ने गंवाई जान: मध्यप्रदेश में 24 घंटे में 11 हजार नए मामले

नई दिल्ली/भोपाल। देश में कोरोना का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। कोरोना के बढ़ते आंकड़े देश में तीसरी लहर का भी संकेत दे रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थय मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 3,37,704 नए मामले सामने आए हैं।

यह आंकड़ा कल के मुकाबले 9,550 केस कम हैं। भारत में पिछले 24 घंटे में 2,42,676 कोरोना मरीज ठीक भी हुए हैं। कुल रिकवरी की बात की जाए तो यह आंकड़ा अब 3,63,01,482 पर पहुंच गया है। वहीं मौत के आंकड़े में भी कमी आई है, 24 घंटे में 488 लोगों ने अपनी जान गंवाई है और कुल मौतों की संख्या 4,88,884 पर आ गई है। कल कोरोना से 703 लोगों की मौत हुई थी। अब कोरोना के कुल एक्टिव केसों की संख्या 21,13,365 हो गई है।

ओमिक्रोन के कुल मामले 10,050 पहुंचे
बता दें कि भारत में कोरोना के ओमिक्रोन वैरियंट के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। ओमिक्रोन के कुल मामले अब 10,050 पर पहुंच गए है। केंद्रीय स्वास्थय मंत्रालय के अनुसार कल कोरोना वायरस के लिए 19,60,954 सैंपल टेस्ट किए गए थे, कुल टेस्ट की बात की जाए तो कल तक कुल 71,34,99,892 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

मध्यप्रदेश में 24 घंटे में 11 हजार नए मामले
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना से एक दिन में 5 मौतें रिपोर्ट हुई हैं। इनमें 5 महीने की नवजात भी शामिल है। 24 घंटे में 11274 नए पॉजिटिव केस मिले। एक्टिव केस बढ़कर 61388 हो गए। संक्रमण दर 13% के पार है।

भोपाल में 2107 नए केस मिले। ये तीनों लहरों का एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले दूसरी लहर में 28 अप्रैल 2021 को 1853 नए केस मिले थे। दूसरी लहर 1 अप्रैल से शुरू हुई थी और 28वें दिन संक्रमण का पीक आ गया था। तीसरी लहर 25 दिसंबर 2021 से शुरू हुई है और 21 जनवरी को 28 दिन पूरे हुए हैं। भोपाल में भी एक मौत रिपोर्ट हुई है।

इंदौर में 3169 नए संक्रमित मिले। इंदौर में 7 महीने बाद एक दिन में संक्रमण से 3 मौतें भी हुईं। जिन 3 मरीजों की मौत हुई है, उनमें 70 वर्षीय बुजुर्ग शुगर और 50 वर्षीय व्यक्ति थैलेसिमिया से पीड़ित थे। 20 वर्षीय युवती की भी मृत्यु हुई है। वह एमआरटीबी में जहर खाने के बाद भर्ती हुई थी। यहां टेस्ट में पॉजिटिव आई।

ग्वालियर में 5 दिन की नवजात की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। बच्ची का जन्म डबरा सिविल अस्पताल में हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर जब जांच की गई, तो वो संक्रमित मिली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्वालियर में 730 संक्रमित मिले हैं। 586 मरीज ग्वालियर तो 104 मरीज दूसरे जिलों के हैं। 40 मरीजों की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। नए संक्रमितों में 27 बच्चे और 40 बुजुर्ग भी शामिल हैं। शुक्रवार को 612 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। अब जिले में एक्टिव केस 4239 हो गए हैं। अंचल के शिवपुरी में 145, मुरैना 105, दतिया में 96, श्योपुर में 37 और भिंड में 17 नए मरीज मिले।

जबलपुर में 740 नए केस सामने आए। तीसरी लहर में ये सबसे अधिक मामले हैं। इससे पहले अप्रैल 2021 में इतने केस एक दिन में सामने आ रहे थे। हालांकि, 300 से अधिक लोग कोविड से ठीक भी हुए। जिले में एक्टिव केस की संख्या 4 हजार के लगभग पहुंच चुकी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.