मध्यप्रदेश— रायसेन में मतदान सामग्री लेने आए कर्मचारी की तबीयत बिगड़ी

रायसेन। जिले के सांची विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को मतदान होना है। इसके लिए सोमवार को यहां सुबह 7 बजे से पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर में मतदानकर्मियों को मतदान सामग्री वितरण की जा रही है। इस दौरान एक कर्मचारी की तबीयत बिगडने की सूचना है। कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

यहां उपस्थित डॉ यशपाल के अनुसार शुगर बढ़ने के कारण कर्मचारी की तबीयत बिगड़ी है। अन्य सभी कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग के जरिए जांच की जा रही है। सभी का तापमान सामान्य है। मंगलवार 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से सांची विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। इस विधानसभा क्षेत्र के कुल 365 मतदान केंद्रों पर दो लाख 41 हजार 861 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। विधानसभा क्षेत्र में 88 क्रिटिकल मतदान केन्द्र हैं। मतदान केंद्रों पर तापमान जांचने के लिए 497 थर्मल स्कैनर, मतदानकर्मियों के लिए 2455 फेस शील्ड, 365 डस्टबिन, 1010 लीटर सैनिटाइजर, 2192 पीपीई किट, मतदाताओं के 178000 थ्री लेयर मास्क, 178000 ग्लब्स, कर्मचारियों के लिए 33 हजार एन 95 मास्क तथा 20300 रबड़ ग्लब्स की व्यवस्था की गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.