अब फ्रांस के लियोन शहर में पादरी को गिरजाघर के बाहर गोली मारी

नई दिल्ली। कट्टरपंथी हिंसा से जूझ रहे फ्रांस के लियोन शहर में शनिवार को एक यूनानी पादरी को उनके गिरजाघर के बाहर गोली मार दी गई। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पादरी के पेट में गोली लगी है और उनका स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है। पादरी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमलावर अकेला था और उसने शिकार करने वाली राइफल से गोली चलाई।

पुलिस ने गिरजाघर के आसपास के इलाके को बंद कर दिया है और ट्विटर पर संदेश के माध्यम से लोगों को घरों में ही रहने की चेतावनी दी है। फ्रांस के नीस शहर में दो दिन पहले ही एक गिरजाघर पर इस्लामिक चरमपंथी हमलावर द्वारा चाकू से किए गए हमले में तीन लोगों की जान चली गई थी। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार हमलावर की पहचान ट्यूनीशिया के नागरिक के रूप में हुई है। हमलावर फ्रांस के चर्च में हाथ में कुरान की कॉपी और चाकू लेकर घुसा था और फिर उसने तीन लोगों की हत्या कर दी। पिछले दो महीनों में फ्रांस में इस तरह का तीसरा हमला है। हाल ही में फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने सख्त रुख अपनाते हुए मजहबी हिंसा करने वालों की कड़ी आलोचना की। मैक्रों के सख्त रुख पर कई मुस्लिम देशों में फ्रांस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गए।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.