मध्यप्रदेश— 11000 विद्यार्थियों को अभी भी लैपटॉप की राशि का इंतजार

भोपाल। हायर सेकंडरी परीक्षा में 80% से अधिक अंक अर्जित करने वाले प्रदेश के 11 हजार से अधिक विद्यार्थियों को अभी भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के अनुसार लैपटॉप खरीदने के लिए 25000 रुपए की नगद राशि का इंतजार है। प्रदेश में 40537 विद्यार्थियों को पुरस्कार की राशि देनी थी, परंतु केवल 29469 को ही पुरस्कार की राशि का भुगतान किया गया है। शेष 11068 को अभी तक पुरस्कार की राशि का भुगतान नहीं किया गया।

राज्य सरकार ने पहले 12वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि देना तय किया था। इसमें 16 हजार विद्यार्थी पात्र थे। इन्हे मंडल की ओर से 40 करोड़ रुपये की राशि भेज दी गई। इसके बाद लैपटॉप वितरण समारोह के एक दिन पहले शासन ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि देने की घोषणा कर दी। इससे पात्र विद्यार्थियों की संख्या 40 हजार 537 हो गई। इसमें से 29 हजार 469 विद्यार्थियों को राशि मिल गई है, लेकिन अब तक 11 हजार विद्यार्थियों के खाते में राशि नहीं पहुंची।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.