कोविड-19: संक्रमण के 1,61,736 नए मामले, 879 लोगों की मौत

नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,61,736 नए मामले सामने आने के साथ देश में इस महामारी के मामले बढ़कर 1,36,89,453 हो गए। कोविड-19 से पीड़ित लोगों के ठीक होने की दर और गिर गई, अब यह 89.51 प्रतिशत है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। इनमें बताया गया कि संक्रमण के कारण और 879 लोगों की मौत होने से मरने वालों की कुल संख्या 1,71,058 हो गई।

संक्रमण के दैनिक मामलों में लगातार 34वें दिन हुई बढ़ोतरी के बीच देश में उपचाराधीन लोगों की संख्या बढ़कर 12,64,698 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 9.24 प्रतिशत है। देश में सबसे कम 1,35,926 उपचाराधीन मरीज 12 फरवरी को थे और सबसे अधिक 10,17,754 उपचाराधीन मरीज 18 सितंबर 2020 को थे। आंकड़ों के अनुसार, इस बीमारी से अब तक 1,22,53,697 लोग उबर चुके हैं जबकि मृत्यु दर 1.25 प्रतिशत है।

भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे। वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक, 12 अप्रैल तक 25,92,07,108 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 14,00,122 नमूनों की जांच सोमवार को की गई। जिन 879 संक्रमितों की मौत हुई है उनमें से 258 लोग महाराष्ट्र से, 132 लोग छत्तीसगढ़ से, 72-72 लोग दिल्ली और उत्तर प्रदेश से, 55 लोग गुजरात से, 52-52 लोग कर्नाटक और पंजाब से, 37 लोग मध्य प्रदेश से, 25 लोग राजस्थान से, 19-19 लोग तमिलनाडु और झारखंड से, 14-14 लोग हरियाणा और पश्चिम बंगाल से, 11-11 लोग आंध्र प्रदेश और केरल से हैं।

देश में संक्रमण के कारण अब तक 1,71,058 लोगों की मौत हो चुकी हैं जिनमें से 58,245 लोग महाराष्ट्र से थे, 12,941 लोग कर्नाटक से, 12,927 लोग तमिलनाडु से, 11,355 लोग दिल्ली से, 10,414 लोग पश्चिम बंगाल से, 9,224 लोग उत्तर प्रदेश से, 7,559 लोग पंजाब से और 7,311 व्यक्ति आंध्र प्रदेश से थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक लोग पहले से ही अन्य बीमारियों से पीड़ित थे। मंत्रालय ने कहा, ‘हमारे आंकड़ों का मिलान भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के आंकड़ों से किया जा रहा है।’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.