रायसेन— छींद धाम पर दिया जाए ध्यान, सरकार संभाले व्यवस्था
—देवेश ठाकुर जीसाहब—
मो—6260074471
subhchoupal@gmail.com
बरेली— रायसेन। इस क्षेत्र को दूर— दूर तक पहचान दिलाने वाले छींद धाम पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। श्रद्धालुओं की आस्था के केंद इस स्थान पर संकटमोचक छींद वाले दद्दा जी के दर्शन के बाद लोग उनकी कृपा महसूस करते रहते हैं, लेकिन यहां की अव्यवस्थाएं अखरती भी हैं।
छीद धाम में मंगलवार, शनिवार और विशेष पर्वों पर हजारों की संख्या में दर्शनार्थी आते हैं। ये आसपास के क्षेत्र के अलावा जिले के अन्य स्थानों, प्रदेश के दूसरे जिलों और देश के अन्य प्रदेशों के भी होते हैं। मंदिर की मान्यता के अनुरूप यहां व्यवस्थाओं का अभाव श्रद्धालुओं को खटकता है।
अखरता है यह
यहां बाहर के लोग सोमवार और शुक्रवार की रात आ जाते हैं, जिससे मंगलवार अथवा शनिवार को तडके दद्दा के दर्शन कर सकें। यहां बाहर के लोगों को ठहरने और स्नान की सुविधाओं की कमी है। इससे मजबूरी में दर्शनार्थी बरेली के होटलों में रूकते हैं या रास्ते के किसी हैंडपंप पर नहाते हुए दिखाई देते हैं। भीड को देखते हुए यहां स्थाई पुलिस चौकी की भी आवश्यकता है। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में साफसुथरे शौचालय, पेशाबघर और पेयजल व्यवस्था भी जरूरी है।
सभी की है श्रद्धा
छींद धाम में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनकी धर्मपत्नी
साधना सिंह, सभी दलों के प्रमुख नेता, प्रदेश के विभिन्न विभागों के छोटे— बडे अधिकारी और सभी वर्गों के लोगों की श्रद्धा है। इतने समर्थ श्रद्धालुओं के रहते संसाधनों की कमी नहीं हो सकती, लेकिन इसके बाद भी यहां आवश्यक सुविधाओं की कमी देखी जाती है।
सरकार संभाले व्यवस्था
‘शुभ चौपाल’ संवाददाता ने दर्शनों के लिए आए कई श्रद्धालुओं से बात की। इनका कहना था कि मध्यप्रदेश सरकार को यहां की व्यवस्था संभालनी चाहिए। इस स्थान का समुचित विकास हो और लोगों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए प्रदेश सरकार को यहां की विस्तार से विकास योजना बनाकर काम करना चाहिए। इससे प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी।