मध्यप्रदेश— छतरपुर में कांग्रेस नेता हत्याकांड में तीन गिरफ्तार

छतरपुर। पुलिस ने रविवार को प्रदेश में चर्चित कांग्रेस नेता इंद्रपाल सिंह उर्फ छोटे राजा हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में 6 में से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

16 मार्च 2021 को कांग्रेस नेता इंद्रपाल सिंह उर्फ छोटे राजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में छह लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी। मृतक इंद्रपाल सिंह उर्फ छोटे राजा बड़ा मलहरा विधानसभा के पटिया गांव के रहने वाले थे। इंद्रपाल सिंह को गोली उस समय मारी गई थी, जब वह किसी होटल के पास से गुजर रहे थे। गोली लगने के बाद आनन-फानन में पुलिस इंद्रपाल सिंह को जिला अस्पताल ले आई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

पूरे प्रदेश में इस हत्याकांड को लेकर कांग्रेसियों में रोष व्याप्त था। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह लगातार इस हत्याकांड को लेकर सवाल उठा रहे थे। कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार को निशाने पर लिया जा रहा था।

पुलिस ने तीन आरोपियों के पकड़े जाने की बात कही है। अभी तीन आरोपी गिरफ्त से दूर हैं। एसडीओपी राजा राम साहू ने कहा कि जल्द से जल्द इन तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तीनों आरोपी आपस में संबंधी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आज जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें से एक आरोपी की तस्वीर कई भाजपा नेताओं के साथ वायरल है। आरोपी का नाम इमरत लोधी है। मिली जानकारी के अनुसार इमरत लोधी पिछले एक साल से फरार था। आरोपी इमरत लोधी की तस्वीर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के साथ वायरल है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.