विदिशा— अस्पताल से भागा दुष्कर्म का आरोपित
विदिशा। जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को दुष्कर्म का आरोपित पुलिस अभिरक्षा से भाग गया। आरोपित पर परिचित एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। आरोपित पर धारा 224 के तहत मामला दर्ज किया गया है और ड्यूटी के दौरान लापरवाही करने वाले दोनों आरक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
बताया गया है कि कुरवाई थाना क्षेत्र के ग्राम कोठा निवासी कुलदीप शर्मा को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था। दोपहर करीब ढाई बजे न्यायालय में पेश करने से पहले कुरवाई थाना पुलिस थाने के दो आरक्षकों द्वारा चार पहिया वाहन से उसे अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद वापस आते समय आरोपित ने हाथ धोने का बहाना बनाया और दोेनों आरक्षकों को चकमा देकर भाग निकला। आरोपित के भागने की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग सकते में है। संभावित स्थानो पर उसकी तलाश की जा रही है।