सिंघु बॉर्डर पर आंदोलनकारी किसानों पर फायरिंग

नई दिल्ली। सिंघू बॉर्डर पर आंदालन कर रहे किसानों पर फायरिंग की घटना सामने आई है। अचानक कुछ लोग कार से आए और फायरिंग करके भाग गए। कार सवार लोगों ने किसानों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की।

संवाद माध्यमों के अनुसार यह घटना रविवार रात की है। चंडीगढ़ के नंबर की सफेद रंग की ऑडी कार से उतरे लोगों ने आंदोलनकारी किसानों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की और भाग गए। इस घटना में किसी किसान को चोट नहीं आई है। यह घटना सिंघु बॉर्डर के पास टीडीआई मॉल के पास हुई थी। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले आरोपी किसान शायद पंजाब के रहने वाले हैं।

सिंघू बॉर्डर पर बीते साल 26 नवंबर से आंदोलनकारी किसान डटे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह घटना रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात को 2 बजे हुई। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले लोग पंजाब या चंडीगढ़ के हो सकते हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि वे जिस कार से आए थे, वह चंडीगढ़ के नंबर की थी। घटना की जानकारी मिलते ही हरियाणा के कुंडली से पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कार में सवार लोगों के बारे में जानने की कोशिश कर रही है। इस कोशिश के तहत आसपास के टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।

इस बीच आंदोलनकारी किसानों का कहना है कि ऐसा एक साजिश के तहत किया गया है ताकि हमारे शांतिपूर्ण आंदोलन को बदनाम किया जा सके। यही नहीं किसानों ने कहा कि यदि पुलिस ने फायरिंग करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया तो वे दूसरे रास्तों को भी ब्लॉक करना शुरू कर देंगे। पंजाब और हरियाणा के हजारों किसान सिंघु बॉर्डर और टिकरी बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इसके अलावा यूपी गेट पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा पर यूपी, उत्तराखंड और बिहार जैसे राज्यों के किसान डटे हुए हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.