दिल्ली नगर निगम— पांच वार्डों में से चार पर आप, एक पर कांग्रेस की जीत
|
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के वार्ड नंबर-02E त्रिलोकपुरी, 08E कल्याणपुरी, 32N रोहिणी-सी, 41E चौहान बांगर और वार्ड नंबर-62N शालीमार बाग (उत्तर) पर उपचुनाव हुआ है। उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने चार वार्डों पर कब्जा किया है। कांग्रेस को एक वार्ड में जीत मिली है जबकि भारतीय जनता पार्टी खाली हाथ रही। इन उपचुनावों को अगले साल होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए जनता के झुकाव के रूप में देखा जा रहा है।
आप ने शालीमार बाग वार्ड पर जीत हासिल की है जिसपर पहले बीजेपी का कब्जा था। वहीं कांग्रेस ने आप से चौहान बांगर सीट छीन ली है। कल्याणपुरी वार्ड से आप के उम्मीदवार धीरेंद्र कुमार ने बीजेपी के सिया राम को 7,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से मात दी है। रोहिणी-सी वार्ड से आप के ही रामचंद्र ने 2,985 वोट से जीत दर्ज की। शालीमार बाग से आप प्रत्याशी सुनीता मिश्रा ने 2,702 वोट से जीत हासिल की है। आप ने त्रिलोकपुरी वार्ड में भी अपना परचम लहराया। वहां पार्टी को 4,986 वोटों से जीत मिली। कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर ने चौहान बांगर वार्ड में आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक हाजी इशराक को हराया।
कहां से कौन जीता?
वार्ड विजेता पार्टी
02E त्रिलोकपुरी आम आदमी पार्टी
08E कल्याणपुरी आम आदमी पार्टी
32N रोहिणी-सी आम आदमी पार्टी
41E चौहान बांगर कांग्रेस
62N शालीमार बाग आम आदमी पार्टी