भगवान के मुकुट भी ले उडे चोर
Raisen News बरेली थाना क्षेत्र के खरगोन के मां कर्मा देवी मंदिर की घटना
(बरेली कार्यालय)
बरेली (रायसेन)। यद्यपि यह नई घटना तो नहीं है, लेकिन इस अंचल में काफी समय बाद यह हुआ है कि चोरों ने भगवान को भी छोडा। ग्राम खरगोन में चोरों ने मां कर्मा देवी मंदिर को निशाना बनाते हुए दो चांदी के मुकुट और दानपेटी सहित कुछ अन्य सामान भी चुरा लिया। चोरी की यह वारदात बुधवार—गुरुवार की दरम्यानी रात घटित हुई।
जानकारी के अनुसार आज गुरुवार की सुबह मंदिर के पुजारी पंडित राजेंद्र शर्मा पूजा करने पहुंचे तो उन्होने देखा कि मंदिर के गेट के ताले टूटे हुए थे। मंदिर के बैकुंठ में भगवान की प्रतिमा अस्तव्यस्त दिखाई दी। भगवान के चांदी के मुकुट गायब थे। इसके साथ ही दानपेटी और कुछ अन्य सामान भी गायब मिला। मामले की सूचना सरपंच विनोद त्रिपाठी को दी गई। उन्होने बरेली थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सरपंच विनोद त्रिपाठी, साहू समाज के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण साहू, शिवदयाल साहू, मोतीलाल साहू, मनोज साहू, श्रवण साहू और दर्शन साहू आदि ने बरेली थाने पहुंचकर तत्परता से पता लगाने का अनुरोध किया। नगर निरीक्षक विपुल गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। इसके लिए रायसेन से पुलिस डॉग भी घटनास्थल पर ले जाया गया है तथा पुलिस पूरी गंभीरता से चोरों का पता लगाने में जुट गई है।