भाजपा विधायक गिरीश गौतम होंगे विधानसभा अध्यक्ष
भोपाल। भाजपा विधायक गिरीश गौतम मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष होंगे। आज उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। 18 साल बाद विंध्य क्षेत्र को विधानसभा अध्यक्ष का पद मिल रहा है। वर्ष 2003 में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी को चुनाव हराकर गिरीश गौतम विधायक बने थे। गिरीश गौतम देवतालाब से विधायक हैं।
इधर कांग्रेस ने यह स्पष्ट किया कि वह अध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह ने यह बात कही। उपाध्यक्ष पद को लेकर उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष को परंपरा निभानी चाहिए निभानी चाहिए। पिछली बार मैंने संसदीय कार्य मंत्री रहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कहा था कि अध्यक्ष के लिए आप उम्मीदवार मत उतारें और उपाध्यक्ष का पद ले लें।