आत्मीय माहौल में क्षेत्रीय पत्रकार सामाजिक संगठन के सर्वसम्मति से चुनाव
Bareli News निवृत्त्मान अध्यक्ष संजय शर्मा संरक्षक, अध्यक्ष राजीव तारण और कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र धाकड सहित अन्य पदाधिकारी निर्वाचित
(बरेली कार्यालय)
बरेली (रायसेन)। पंजीकृत संस्था क्षेत्रीय पत्रकार सामाजिक संगठन के स्थापना के करीब छह साल बाद सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न हुए। सोमवार को स्थानीय विश्रामगृह में देर शाम तक कई घंटों के विचार—विमर्श के बाद निवृत्तमान अध्यक्ष संजय शर्मा को संरक्षक, अध्यक्ष पद पर राजीव तारण, कायकारी अध्यक्ष राजेंद्र धाकड, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सत्य नारायण रघुवंशी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष हसीब भाई, सचिव पद पर महेश वर्मा, सहसचिव मंगल सिंह चौधरी, कोषाध्यक्ष ब्रजेश श्रीवास्तव और कार्यालय मंत्री के रूप में लीलाधर साहू को उपस्थित सभी सदस्यों ने आम सहमति से चुना।ये होंगे विशेष आमंत्रित सदस्य
संतोष मालवीय, मारुति द्विवेदी, प्रदीप धाकड, अंकित तिवारी, अखिल खरे, राकेश सोनी और रणधीर चौधरी संगठन के विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।
ये हैं संरक्षक सदस्य
क्षेत्रीय पत्रकार सामाजिक संगठन के संरक्षक मंडल में सुरेश विदुआ, सत्य नारायण याज्ञवल्क्य, अनिल वर्मा, महेश विदुआ और दिनेश बबेले रहे हैं। संजय शर्मा के इसमें शामिल होने के बाद इनकी संख्या छह हो गई है। यह भी तय किया गया कि निवृत्तमान अध्यक्ष को पदेन संरक्षक मंडल में शामिल कर लिया जाए, ताकि उनके संगठन संचालन का लाभ स्थाई तौर पर मिलता रहे।
क्यों था यह चुनाव महत्वपूर्ण
स्थापना के बाद बीते छह साल से संगठन के चुनाव नहीं हुए थे। लगातार कार्यकाल बढाया जा रहा था। कई सदस्यों की राय थी कि संगठन अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आगे नहीं बढ रहा है। इसके साथ ही कई सदस्यों का यह भी विचार रहा कि नए लोगों को अवसर दिया जाना चाहिए। इस बार अनुभवी लोगों के साथ ही नए लोगों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। माना गया कि अनुभवी सदस्यों के मार्गदर्शन में निरंतर नए लोगों को अवसर दिया जाना चाहिए।
आत्मीय माहौल में चुनाव
पत्रकारों के इस एकमात्र पंजीकृत संगठन को लेकर माहौल गर्म था। सभी की निगाहें इस पर थीं। बैठक के दौरान पूरी तरह सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बना रहा। अधिकांश सदस्यों ने खुलकर अपने विचार रखे, लेकिन यह भी कहा कि कई सदस्य उनके बडे और कई छोटे हैं। यहां संगठन हित में चर्चा कर रहे हैं, लेकिन सम्मान और स्नेह यथावत है। अध्यक्ष संजय शर्मा ने जब उनके कार्यकाल की कुछ कमियों का उल्ल्लेख किया तो सभी ने एकमत होकर कहा कि इसके लिए अकेले उन्हे कोई जिम्मेदार नहीं मानता।
पद हो गए बौने
लोगों की उम्मीद के विपरीत किसी भी चुनाव से हटकर एक अलग ही तरह का माहौल था। संतोष मालवीय के नाम का प्रस्ताव रखा गया तो तो उन्होने अन्य नाम रख दिया। अखिल खरे पद स्वीकार नहीं कर रहे थे तो तुलसी धाकड बिना पद के समर्पित थे। पहले संरक्षक मंडल में से अध्यक्ष चुने जाने का प्रस्ताव आया। इस पर संरक्षकों ने इससे ठेठ में इंकार कर दिया। अध्यक्ष के रूप में राजीव तारण और कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में राजेंद्र धाकड सहित सभी पदाधिकारियों को सभी पत्रकारों ने संगठन संचालन में हर तरह से साथ देने का भरोसा दिलाया, तब कहीं इन्हे पद के लिए मनाया जा सका। इस तरह पत्रकारों के कद के आगे पद बहुत बौने दिखाई दे रहे थे।