मप्र: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में क्या हुआ?
MP BJP state working committee meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला, किसान, युवा और गरीब इन चार जातियों पर फोकस की बात: कहा— बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत से सभी 29 सीटें जीतने का संकल्प हुआ साकार
भोपाल। मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को राजधानी भोपाल में प्रदेश कार्य समिति की बैठक आयोजित की। रवींद्र भवन में हुई इस बैठक में प्रदेश के सभी 29 सांसदों का अभिनंदन किया गया। इस बैठक में पहली बार 1099 मंडल अध्यक्षों सहित 2 हजार से अधिक पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसमें भाजपा नेताओं ने मुख्य रुप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला, किसान, युवा और गरीब इन चार जातियों पर फोकस की बात की गई।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो चार जातियां बताई हैं, गरीब, युवा, किसान और महिलाएं, मध्यप्रदेश सरकार इन्हीं को ध्यान में रखकर काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि हमने 2023 और 2024 के चुनावों में प्रचंड जीत हासिल की है, लेकिन हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प की पूर्ति तक रुकना नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और इंडी गठबंधन गलत नैरेटिव सेट करने का प्रयास कर रहे हैं कि उन्होंने चुनाव में जीत हासिल की है। भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के इस झूठ को बेनकाब करना है।
प्रदेश सह प्रभारी ने क्या कहा
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव में जीत का जो इतिहास रचा है, उसे आगे भी बनाए रखें। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का एक आदर्श संगठन कैसा होना चाहिए, वह मध्यप्रदेश के भाजपा संगठन से देखा जा सकता है। प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कठोर परिश्रम किया और 100 प्रतिशत परिणाम दिया है।
सिंधिया ने क्या कहा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जहां धर्म होता है वहीं जीत हासिल होती है। लोकतंत्र में मिली यह जीत सत्य और अहंकार के बीच की लड़ाई की थी। यह जीत नकारात्मक तत्वों के विरोध की रही है। अहंकार वाली कांग्रेस पार्टी का मध्यप्रदेश में खाता तक नहीं खुला है। 75 साल में पहली बार ऐसी सरकार आई है जिसने एक-एक लाभार्थी को उसका हक दिलाने का काम किया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिली जीत जनता की शक्ति और पार्टी के जांबाज कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है, मैं उन्हें नमन करता हूं। केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने बीते चुनाव में जमकर दुष्प्रचार किया, लेकिन उसका दुष्प्रचार पराजित हुआ और भाजपा कार्यकर्ता जनता का भरोसा जीतने में सफल रहे।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने क्या कहा
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि लाभार्थियों वर्ग बीजेपी की बड़ी ताकत बनने लगा है। चुनाव में देखा कि नकारात्मकता में समाज को बांटने की कोशिश की गई है। विपक्ष कितनी भी नकारात्मकता की राजनीति करे, उससे पार पाने के लिए काम करना है। आने वाले समय में राजनीति में महिलाओं की बड़ी भूमिका रहने वाली हैं। इसलिए संगठन में महिलाओं को महत्व देना होगा। उन्होंने कहा कि मप्र की कार्यकारिणी से कहना चाहता हूं कि बड़े लक्ष्य के लिए कैपिसिटी बिल्डिंग का काम करना होगा। भाजपा का लक्ष्य 2047 के विकसित भारत को बनाने का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण की चर्चा करते हुए यादव ने कहा कि विकास के वातावरण में प्रकृति के संरक्षण को भूलने लगे हैं। कॉन्क्रीट के जंगल बना रहे लेकिन प्रकृति के जंगल काट रहे हैं। इसे ध्यान रखते हुए प्रकृति संरक्षण का काम करना है।
यह भी कहा भाजपा नेताओं ने
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कार्यकर्ता जिन बूथों पर हमें सफलता नहीं मिली है, उन्हें जीतने की कार्ययोजना बनाकर जुट जाएं। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया। बैठक से पहले सांसद कविता पाटीदार ने मोदी सरकार की तीसरी बार सत्ता में वापसी होने पर प्रस्ताव रखा। जिसका समर्थन उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने किया। इसके बाद पूर्व मंत्री और विधायक अर्चना चिटनिस ने रवींद्र भवन में पत्रकारों से चर्चा की। कहा- प्रस्ताव में बताया कि गरीब, युवा, महिला, किसान की सेवा करने में भाजपा ने कीर्तिमान स्थापित किया है। जिसके बदले यह सफलता मिली है। जिन्होंने 90 बार संविधान तोड़ा वे संविधान की किताब हाथ में लेकर घूमते रहे। कार्य समिति की बैठक में मोदी सरकार के कामों को बताया गया।
पहली बार ऐसी बैठक
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहली बार प्रदेश के 1099 मंडलों के अध्यक्ष शामिल हुए। उनके अलावा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, लोकसभा एवं राज्यसभा के सदस्य, सभी विधायक, पार्टी के महापौर, सभी जिलों के अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला महामंत्री, मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के संयोजक, विभाग संयोजक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी एवं प्रवक्ता, प्रदेश आईटी व सोशल मीडिया संयोजक, सह संयोजक भी बैठक में शामिल हुए।