मप्र पुलिस के उप निरीक्षक सुखदेव भालेकर को भावभीनी विदाई
SI SD Bhalekar: कर्तव्यनिष्ठा, निष्पक्षता और दक्षता के साथ कई गुणों का हुआ उल्लेख: सम्मान से अभिभूत भालेकर बोले— बरेली बसी रहेगी मेरे मन में
—कमल याज्ञवल्क्य
के साथ— गोपाल रघुवंशी/सनम खान/सुनील धाकड
(बरेली कार्यालय)
बरेली (रायसेन)। सेवा निवृत्ति शासकीय सेवा की एक अनिवार्य प्रक्रिया है। लेकिन कई बार ऐसा भी कुछ हो जाता है कि वह यादगार बन जाता है। ऐसे ही कुछ अनुभव से मप्र पुलिस के 30 अप्रेल को सेवा निवृत्त हुए उप निरीक्षक सुखदेव भालेकर और इस अंचल के लोग गुजर रहे हैं। भालेकर जी की लोकप्रियता इतनी है कि सेवा निवृत्ति के दिन से ही नगर और गांवों में विदाई समारोहों का क्रम जारी है।
रामलीला मैदान परिसर में नगर और जामगढ की कई संस्थाओं ने मप्र पुलिस के सेवा निवृत्त उप निरीक्षक सुखदेव भालेकर को सेवा निवृत्ति पर समारोहपूर्वक विदाई दी। तमाम विशिष्ट लोगों की उपस्थिति यह इतना भावपूर्ण था कि सभी की आंखें नम हो रहीं थीं। क्षेत्र की तमाम हस्तियों ने विस्तार से बताया कि उप निरीक्षक सुखदेव भालेकर ने अपनी निष्पक्षता, न्यायप्रियता और संवेदनशीलता से जनता के मन में पुलिस के प्रति अत्यंत सकारात्मक छवि बनाई है। लोगों ने कई उदाहरण देकर बताया कि भालेकर जी जैसे अधिकारी मप्र पुलिस का गौरव बढाते रहे हैं।
इन संस्थाओं ने दी विदाई
रामलीला मैदान परिसर में आयोजित उप निरीक्षक सुखदेव भालेकर को बरेली हिंदू उत्सव समिति, राष्ट्रीय हिंदू सेना की रायसेन जिला इकाई, जामगढ के निवासी और ऋषीश्वर समाज के प्रतिनिधियों ने भावपूर्ण विदाई दी। बरेली हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ समाज सेवी राधेश्याम पालीवाल, राधे भावसार, राष्ट्रीय हिंदू सेना की रायसेन जिला इकाई के अध्यक्ष अखिल खरे, वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा, राजीव तारण, पंडित सुरेंद्र शास्त्री सहित कई लोगों ने अपने संस्मरण सुनाए।जामगढ के शशि मोहन पटेल ने यह कहा
जामगढ ग्राम और ऋषीश्वर समाज की ओर से शशि मोहन पटेल ने उप निरीक्षक सुखदेव भालेकर की सेवा निवृत्ति पर शाल—श्रीफल से सम्मान किया। उन्होने कई घटनाओं का उदाहरण देकर बताया कि भालेकर जी ने प्रत्येक मामले में मानवीय दायित्व निभाते हुए अति संवेदनशीलता दिखाई है। पटेल ने कहा कि खरगोन और आसपास के गांव एक बहुत अच्छे पुलिस अधिकारी के रूप में उप निरीक्षक सुखदेव भालेकर को याद करते रहते हैं। ग्राम रजवाडा में ग्राम पंचायत ने उन्हे आमंत्रित कर एक पुलिस अधिकारी के रूप में उनकी सेवाओं का सम्मान किया। सरपंच घनश्याम रघुवंशी, पूर्व सरपंच बालाराम धाकड, उमाकांत शर्मा, रामजी रघुवंशी, धर्मेंद्र धाकड, अरविंद रघुवंशी एवं विनय मेहरा सहित ग्राम के लोग इस अवसर पर उप निरीक्षक भालेकर की विशेषताओं का उल्लेख करते रहे।
भालेकर बोले— बरेली बसी रहेगी मेरे मन में
कई संस्थाओं और समूहों द्वारा मप्र पुलिस के उप निरीक्षक सुखदेव भालेकर की सेवा निवृत्ति पर विदाई के अवसर पर अत्यंत भावुकतापूर्ण वातावरण था। प्रतिउत्तर में सेनि उपनिरीक्षक भालेकर ने कहा कि उन्का प्रयास संवेदनशीलता के साथ विभागीय दायित्व निभाने का रहा है। लोग उन्हे इतना सम्मान और प्रेम देते हैं, यह जानकर वे अभिभूत हैं। बरेली क्षेत्र की यह भावना वे कभी नहीं भूल सकते और बरेली हमेशा मेरे मन में बसी रहेगी।