भाजपा नेत्री स्मृति इरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर ऐसे लिया: कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया अहंकारी
Smriti Irani Vs Priyanka Gandhi
अमेठी/गांधीनगर। उत्तरप्रदेश के अमेठी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेत्री स्मृति इरानी ने कहा कि वायनाड में वोटिंग हो गई है। अब कांग्रेस के प्रत्याशी आएंगे, लेकिन पहले राम मंदिर जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा, ”पहले निमंत्रण ठुकरा दिया। अब मंदिर जाएंगे, क्योंकि उन्हें लगता है मंदिर जाने से वोट पाएंगे। मतलब कि भगवान को भी धोखा देने जाएंगे। जो सच्चे मन से राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं।”
राहुल गांधी का नाम लिए बिना स्मृति इरानी ने कहा कि लिस्टों की दुहाई दी और फिर वायनाड चले गए। वायनाड जाकर जब नामांकन पत्र भरा तो कहा वायनाड ही उनका परिवार है।”
उन्होंने व्यंग्य किया कि लोगों को रंग बदलते देखा था, परिवार बदलते हुए पहली बार देखा है
2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति इरानी ने राहुल गांधी को अमेठी लोकसभा सीट से मात दी थी। कांग्रेस पार्टी ने अभी तक अमेठी लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है। लेकिन ये कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल गांधी अमेठी से भी चुनाव लड़ सकते हैं।
कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया अहंकारी
इधर, कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुजरात में एक रैली के दौरान इंदिरा गांधी, राजीव गांधी की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है।
प्रियंका गांधी ने कहा, ”आज के दिन हमारे देश के प्रधानमंत्री इतने अहंकारी हैं। कोई उनको कुछ कह नहीं सकता। उनको कैसे मालूम होगा आपकी परिस्थिति क्या है? आपके बीच तो आते नहीं हैं।”
वो बोलीं, ”आपको याद है इंदिरा जी आती थीं। राजीव जी आते थे। मैं खुद उनके पीछे-पीछे आती थी। बच्ची थी। गांव में (राजीव) डाँट खाते थे। अमेठी की महिलाएं डाँट देती थीं। कहती थीं- हम प्यार तो करते हैं आपसे, पर पहले हमारी सड़क बना दो।”
”वो नाराज़ नहीं होते थे। बोलते थे- बहन कर दूंगा, थोड़ा वक्त दो मुझे। ये हमारी पुरानी परंपरा है देश की।”
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि आज किसान को देखिए। दिल्ली आकर लाखों किसान आंदोलन करते हैं। उनकी बिजली काट दी जाती है। मोदी घर से नहीं निकलते। 600 किसान शहीद हो जाते हैं। कुछ किसानों को बीजेपी का मंत्री कुचल देता है अपनी जीप के नीचे। मोदी कुछ नहीं कहते। सुनवाई ही नहीं होती। प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्हें सिर्फ सत्ता की परवाह है, चुनाव की परवाह है, आपकी परवाह नहीं है।