मप्र: दिखाने लगी गर्मी असर

Weather Of MP: छह शहरों में पारा 40 डिग्री के पार: सबसे अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान धार में रहा

भोपाल। बेमौसम बारिश के दौर के बाद अब मध्यप्रदेश में गर्मी असर दिखाने लगी है। वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने के कारण मौसम शुष्क होने लगा है। आज मंगलवार को छह शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान धार में रिकार्ड किया गया।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी दो-तीन दिन तक तापमान में बढ़ोतरी होने का सिलसिला बना रह सकता है। हालांकि, बीच में बादल छाने के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उससे एक द्रोणिका भी संबद्ध है। मध्य महाराष्ट्र से लेकर कर्नाटक तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है।

अभी दो-तीन दिन तक मौसम शुष्क ही बना रहने की संभावना है। तापमान में कुछ और बढ़ोतरी होने के भी आसार हैं। उधर, 18 अप्रैल को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से एक बार फिर नमी बढ़ने के कारण बादल छा सकते हैं। इससे तापमान में कुछ कमी दर्ज होने लगेगी।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.