भाजपा को चिंतित कर गई उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र में जन आशीर्वाद यात्रा
Jan Ashirwad Yatra: बनकर रह गई जन कोप यात्रा: भाजपा ने यह नहीं सोचा होगा
(बरेली कार्यालय)
बरेली (रायसेन)। बहु प्रचारित भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र में जन कोप यात्रा जैसी दिखेगी, यह भाजपा ने सोचा भी नहीं होगा। जनसामान्य की अनुपस्थिति और स्पष्ट झलक रही गुटबाजी ने भाजपा को चिंतित कर दिया है।
गुरुवार को बरेली नगर में जन आशीर्वाद यात्रा 4—5 घंटे विलंब से रात में पहुंची। इस यात्रा का मुहूर्त तो पहले ही बिगड चुका था, जब आने वाले मंत्रियों के नाम और बदल गए। हालत यह हो गई कि बुधवार की रात में ही स्थानीय नेताओं को फ्लैक्स बदलने पडे। भाजपा को बडी संख्या में लोगों के जुटने की आशा थी, लेकिन इसमें विधानसभा टिकिट के दावेदार और उनके समर्थकों के अलावा कोई नहीं दिखाई दे रहा था। प्रदेश सरकार के मंत्री के रूप में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री भूपेंद्र सिंह तथा सिलवानी विधायक और पूर्व मंत्री रामपाल सिंह सहित स्थानीय नेता जन आशीर्वाद यात्रा में उपस्थित थे।
जनता के मन में कोप
इस जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर जनता के मन में कोप था। कई लोगों ने इस बारे में ‘शुभ चौपाल’ से खुलकर बात की। बरेली नगर और गांवों के लोग उन सुविधाओं से भी वंचित हैं, जिनका ढिंढौरा सरकार पीट रही है। सडकों सहित पेयजल और इलाज जैसी बुनियादी सुविधाएं कागजों में ही दिख रही हैं। लोगों का कहना था कि ये अपनी योजनाएं तो गिनाते हैं, लेकिन जनता की समस्याएं नहीं सुनते। यदि योजनाओं की दुर्दशा भाजपा के नेता सुन—समझ लें तो ‘फील गुड’ से बाहर निकल आएंगे।
स्पष्ट झलकी गुटबाजी
भाजपा की उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र में इस जन आशीर्वाद यात्रा में गुटबाजी स्पष्ट झलक रही थी। स्वागत की तैयारियां भी गुटों में ही होती रही। स्वागत भी गुटों में ही होता रहा। भाजपा कार्यकर्ता भी गुटों में बंटे हुए साफ दिखाई दे रहे थे।