भारत बंद— अभी तक यह स्थिति
नई दिल्ली। देश में केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में किसान पिछले 12 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने आज यानी मंगलवार (8 दिसंबर) को एक दिन के लिए ‘भारत बंद’ का आव्हान किया है। भारत बंद का प्रभाव देश के अधिकांश हिस्सों में दिखाई दे रहा है। बिहार से लेकर ओडिशा और महाराष्ट्र में ट्रेनें रोकी गईं हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी चक्का जाम शुरू हो गया है। किसानों के इस भारत बंद को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, सपा समेत देश की 18 राजनीतिक पार्टियों ने भी अपना समर्थन दिया है। भारत बंद के दौरान परिवहन सेवा से लेकर फल-सब्जी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। केंद्र सरकार और किसानों के प्रतिनिधियों के बीच पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, मगर अब तक कोई हल नहीं निकल सका है। इधर आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल को नजरबंद कर लिया है, मगर पुलिस ने इस आरोप का खंडन किया है। संवाद समितियों और अन्य स्रोतों से अब तक भारत बंद के संबंध में आईं जानकारी इस प्रकार हैं—
Tue, 08 Dec 2020 12:33 PM
दिल्ली में भी दुकानें खुली हैं
दिल्ली सदर बाजार मार्केट असोसिएशन के अध्यक्ष राकेश यादव का कहना है कि दुकानें पहले की तरह ही खुली हैं। भारत बन्द के डर से ग्राहक बहुत कम हैं।
Tue, 08 Dec 2020 12:32 PM
मुंबई में नहीं दिख रहा भारत बंद का असर
मुंबई में नहीं दिख रहा भारत बंद का असर। यहां रेगुलर ट्रैफिक मूवमेंट दिखा और दुकानें खुली थीं।
Tue, 08 Dec 2020 12:23 PM
जयपुर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े
भारत बंद के दौरान हिंसा की तस्वीर भी सामने आ रही है। जयपुर में भाजपा मुख्यालय पर आज भारत बंद के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ता (कांग्रेस की छात्र इकाई) कार्यालय को घेरने पहुंच गए। वे कार्यालय के सामने केंद्र सरकार, पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान वे कार्यालय के बाहर पीएम का पुतला जलाने लगे तो भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। इस दौरान हंगामा काफी बढ़ गया और युवा मोर्चा व एनएसयूआई कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। कुछ देर में यह हंगामा हाथापाई में बदल गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने समझाईश कर मामला शांत कराया। करीब आधे घंटे तक हुए हंगामें के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पीएम का पुतला फूंका और वापस लौटे। एहतियात के तौर पुलिस का जाप्ता भाजपा मुख्यालय पर तैनात किया गया है।
Tue, 08 Dec 2020 12:05 PM
लोगों को गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी आदत: नकवी
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि हर चीज़ पर लोगों को गुमराह करना, देश की छवि को बदनाम करने की साजिश करना इनका (विपक्षी दलों) पुराना तरीका रहा है। अपने शासन काल में कांग्रेस, NCP, अकाली दल, लेफ्ट पार्टियां इस तरह के बिल का सीना ठोक कर समर्थन करती रही हैं।
Tue, 08 Dec 2020 11:51 AM
गाजीपुर बॉर्डर पर जाम
भारत बंद के दौरान गाजीपुर-गाजियाबाद (दिल्ली-यूपी) बॉर्डर पर किसानों ने किया प्रदर्शन किया। यहां किसानों ने चक्का जाम कर रखा है। एक किसान ने कहा कि अगर सरकार कानून बना सकती है तो वे इसे निरस्त भी कर सकती है। उन्हें किसान संघों और विशेषज्ञों के साथ काम करना चाहिए। हम लिखित यह वादा लेने के बाद ही आंदोलन खत्म करेंगे।
Tue, 08 Dec 2020 11:44 AM
पंजाब: किसानों ने चंडीगढ़ हाईवे किया ब्लॉक
Tue, 08 Dec 2020 11:43 AM
किसानों के भारत बंद को मुंबई डिब्बावाला का समर्थन
मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तालेकर ने कहा कि केंद्र द्वारा लाए गए कृषि कानून देश के किसानों को खत्म कर देंगे। उत्तर भारत में किसानों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू कर दिया है और आज भारत बंद की घोषणा की गई। मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन इस भारत बंद का समर्थन करता है:
Tue, 08 Dec 2020 11:37 AM
यूपी गेट पर किसानों का बड़ा जमावड़ा
यूपी गेट पर अन्य दिनों की तुलना में किसानों का जमावड़ा अधिक है। यहां किसानों ने चक्का जाम कर दिया है, मगर एंबुलेंस को रास्ता भी दे रहे हैं।
Tue, 08 Dec 2020 11:26 AM
दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के दावे का किया खंडन
दिल्ली के नॉर्थ डीसीपी एंटो अल्फोंस ने कहा आम आदमी पार्टी का दावा पूरी तरह से गलत है। दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के नाते वह जहां चाहे घूम सकते हैं।
Tue, 08 Dec 2020 11:06 AM
यूपी गेट पर किसानों ने किया चक्का जाम
यूपी गेट पर चक्का जाम करने के लिए बड़ी संख्या में किसान जमा हैं। किसानों की बड़ी संख्या ने यूपी गेट पर चक्का जाम कर दिया है। हालांकि, शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बलों की भी भारी तैनाती की गई है।
Tue, 08 Dec 2020 11:01 AM
हमारे विधायकों को दिल्ली पुलिस ने पीटा- सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सिंधु बॉर्डर से किसानों से मिलने गए थे। उन्होंने कहा था कि हमलोग सेवादार के रूप में किसानों की सेवा करेंगे और उनका समर्थन करते हैं। जब से केजरीवाल किसानों मिलकर लौटे हैं, तब से दिल्ली पुलिस ने उनके घर के चारों तरफ बैरीकेड लगा दिया है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद उनको नजरबंद वाली स्थिति में रखा गया है। उन्होंने आगे कहा कि किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है, न ही उन्हें बाहर आने दिया जा रहा है। कल सीएम केजरीवाल के साथ बैठक के लिए मिलने गए विधायकों को पुलिस ने पीटा था। उससे पहले कार्यकर्ताओं को उनसे मिलने नहीं दिया गया। भाजपा नेताओं को उनके आवास के बाहर बैठाया जा रहा है।
Tue, 08 Dec 2020 10:45 AM
AAP का आरोप, दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को किया नजरबंद
भारत बंद: आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नजरबंद कर रखा है और उनके घर के बाहर बैरिकेडिंग की गई है। घर के बाहर न किसी को निकलने दिया जा रहा है और न किसी को अंदर जाने दिया जा रहा है।
Tue, 08 Dec 2020 10:30 AM
भारत बंद राजनीतिक बंद नहीं- शिवसेना नेता संजय राउत
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि यह कोई राजनीतिक बंद नहीं है। यह हमारी भावना है। दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसान संगठन कोई राजनीतिक झंडा नहीं ले जा रहे हैं। यह हमारा कर्तव्य है कि हम किसानों के साथ एकता में खड़े हों और उनकी भावनाओं से जुड़े रहें। यहां कोई राजनीति नहीं है और न ही होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर सरकार के पास दिल है, तो या तो गृह मंत्री या प्रधानमंत्री, वे खुद जाएं और उनसे (किसानों) बात करें।
Tue, 08 Dec 2020 10:22 AM
बिहार में राजद कार्यकर्ताओं ने टायर जलाया
भारत बंद के दौरान बिहार में राजद कार्यकर्ताओं ने टायर जलाया। दरभंगा के गंज चौक पर कार्यकर्ताओं ने टायर फूंक कर अपना कृषि कानूनों का विरोध जताया।
Tue, 08 Dec 2020 10:19 AM
भारत बंद को लेकर नोएडा में पुलिस की पूरी तैयारी
गौतमबुद्ध नगर के अडिशनल सीपी लव कुमार ने कहा कि भारत बंद को लेकर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंटस पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
Tue, 08 Dec 2020 10:16 AM
किसानों के आंदोलन को अन्ना हजारे का साथ, आज रख रहे हैं उपवास
भारत बंद: कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को अन्ना हजारे का साथ मिल गया है। किसानों के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजार आज एक दिन का उपवास रखेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों का दिल्ली में चल रहा आंदोलन पूरे देश में फैलना चाहिए। किसानों के दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन की भी अन्ना हजारे ने सराहनी की है।
Tue, 08 Dec 2020 10:09 AM
कर्नाटक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
कर्नाटक: किसानों के भारत बंद के समर्थन में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इतना ही नहीं, कृषि कानूनों के खिलाफ में बेंगलुरु में गांधी की प्रतिमा के पास काले झंडे भी दिखाए।
Tue, 08 Dec 2020 10:00 AM
कर्नाटक में भी किसानों का हल्लाबोल जारी
कर्नाटक में भी किसानों का हल्लाबोल जारी। भारत बंद का कलबुर्गी की सड़कों पर दिख रहा असर।
Tue, 08 Dec 2020 09:34 AM
सुपौल में बंद समर्थकों ने रोकी ट्रेन, एनएच को किया जाम
कृषि कानून को किसान विरोधी बताते हुए उसके खिलाफ आहूत भारत बंद को लेकर बिहार के सुपौल में मंगलवार अहले सुबह महागठबंधन के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। राजद, वाम दल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुबह लगभग 8 बजे ही लोहिया नगर रेलवे ढाला को जाम कर ट्रेन परिचालन और एनएच 327 पर सड़क परिवहन को बंद कर दिया। बाद में सहरसा -राघोपुर 05516 डाउन ट्रेन को भी लोगियानगर रेलवे ढाला के पास रोक दिया गया। ट्रेन लगभग 1 घंटे विलंब हो चुकी है। बंद समर्थकों ने कृषि कानूनों को अविलंब वापस लेने, न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी दर्जा देने आदि की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Tue, 08 Dec 2020 09:29 AM
बंगाल में भी ट्रेनें रोकीं
पश्चिम बंगाल: लेफ्ट पार्टियों ने कोलकाता के जाधबपुर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया और ट्रेनें रोकीं। ये सभी किसानों के भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं।
Tue, 08 Dec 2020 09:25 AM
पटना में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती
बिहार की राजधानी पटना में भारत बंद के मद्देनजर भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
Tue, 08 Dec 2020 09:18 AM
सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षा बलों की तैनाती
सिंघु बॉर्डर (हरियाणा-दिल्ली सीमा) पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। सीमा पर किसानों के विरोध प्रदर्शन का आज 13वां दिन है।
Tue, 08 Dec 2020 08:57 AM
दिल्ली के कई रास्ते बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि टिकरी, झारोदा बॉर्डर, धनसा बंद रहेंगे। वहीं बदुसराय सीमा केवल हल्के मोटर वाहनों जैसे कारों और दोपहिया वाहनों के लिए खुली है। इसके अलावा झटीकरा सीमा केवल दोपहिया यातायात के लिए खुली है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि हरियाणा के लिए दौराला, कपासेरा, राजोखरी NH 8, बिजवासन / बजघेरा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा सीमाएं खुली हैं।
Tue, 08 Dec 2020 08:42 AM
हमारा प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा- भारतीय किसान यूनियन
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा। अगर कोई हमारे इस भारत बंद में दो-तीन घंटों के लिए फंस जाता है तो हम उन्हें पानी और फल देंगे। हमारा अलग ही कॉन्सेप्ट है।
Tue, 08 Dec 2020 08:16 AM
आंध्र प्रदेश में भी सड़क पर उतरे लोग
आंध्र प्रदेश: किसानों के भारत बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे लेफ्ट पार्टियों के सदस्य।
Tue, 08 Dec 2020 08:11 AM
ओडिशा में अभी से ही दिखने लगा भारत बंद का असर
ओडिशा में अभी से ही भारत बंद का असर दिखने लगा है। लेफ्ट पार्टियां, ट्रेड यूनियन और किसान यूनियनों ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें रोकीं। बता दें कि आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है।
Tue, 08 Dec 2020 07:52 AM
उस्मानिया विश्वविद्यालय ने परीक्षाएं स्थगित कीं
उस्मानिया विश्वविद्यालय ने आज होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कीं। नौ दिसंबर को होने वालीं परीक्षाएं निर्धारित समय से ही होंगी।
Tue, 08 Dec 2020 07:50 AM
महाराष्ट्र में अभी से ही चक्का जाम
महाराष्ट्र: स्वाभिमानी शेतकारी संघटना ने ‘भारत बंद रेल रोको’ के विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए बुलढाणा के मलकापुर में आज एक ट्रेन को रोक दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पटरियों से हटा दिया और हिरासत में ले लिया। बता दें कि आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है।
किन-किन पार्टियों का मिला है समर्थन
कांग्रेस, एनसीपी, वामदल, शिवसेना, सपा, अकाली दल, राजद समेत 18 से ज्यादा विपक्षी दलों ने भारत बंद को समर्थन दिया है। उनके अलावा 10 केंद्रीय ट्र्रेड यूनियन ने नैतिक समर्थन दिया है। साथ ही, रेलकर्मियों के संगठन बैंक यूनियन, व्यापारियों की कई संस्थाएं दिल्ली-एनसीआर में मंडी समितियां, वकीलों के कुछ संगठन, खाप पंचायतों ने समर्थन दिया है।