गुरूवार को रहेगी बैंकों में हड़ताल
नई दिल्ली। कल यानि 26 नवंबर गुरुवार को बैंकों में हड़ताल रहेगी। इससे बैंकों की करीब 21000 शाखाएं बंद रह सकती हैं। हड़ताल की घोष्णा भारतीय स्टेट बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक ने किया है। ऑल इंडिया बैंक एंप्लॉयी असोसिएशन (AIBEA) ने इसमे शामिल होने का कहा है। बैंककर्मी हाल ही में लाए गए श्रम कानूनों का विरोध कर रहे हैं।
गुरुवार को बंद रहने के बाद शुक्रवार को बैंक खुलेंगे और फिर शनिवार तथा रविवार को फिर बंद हो जाएंगे। महीने के चौथे शनिवार को भी बैंक बंद रहते हैं। हड़ताल में बैंकों के अलावा 10 सेंट्रल ट्रेड यूनियन शामिल हो रही हैं। हालांकि भारतीय मजदूर संघ इस हड़ताल का हिस्सा नहीं है।
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि लोकसभा ने हाल ही में तीन नए श्रम कानून पारित हुए हैं। इनमें कारोबार सुगमता के नाम पर 27 मौजूदा कानूनों को समाप्त कर दिया है। ये कानून शुद्ध रूप से कॉरपोरेट जगत के हित में और कर्मचारियों को हितों के खिलाफ हैं। 26 नवंबर की हड़ताल में भाग लेने वाले यूनियनों में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC), ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (AICCTU), सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (CITU), ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर (AIUCUC), यूनियन को-ऑर्डिनेशन सेंटर (TUCC), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC), हिंद मजदूर सभा (HMS), सेल्फ-एम्प्लॉयड वुमेन्स एसोसिएशन (SEWA), लेबर प्रोग्रेसिव फेडरेशन (LPF) और यूनाइटेड ट्रेड यूनियन कांग्रेस (UTUC) शामिल हैं।