मध्यप्रदेश: खलघाट के पुल से नर्मदा नदी में गिरी बस; 13 लोगों की मौत

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लेते रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी:हादसे पर जताया दुख:तीन जिलों के अधिकारियों को दिए निर्देश:मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की मदद की घोषणा

धार/भोपाल।। मध्य प्रदेश के धार और खरगोन जिले के सीमा पर स्थित खलघाट में महाराष्ट्र रोजवेज की एक बस आज सोमवार सुबह करीब 10 बजे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नर्मदा नदी में जा गिरी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी राहत बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।बताया जा रहा है कि हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। रेस्क्यू दल ने उनके शव बरामद कर लिये हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री द्वारा खलघाट बस दुर्घटना में नागरिकों की मृत्यु पर दुख व्यक्त
(अशोक मनवानी)
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन जिले में खलघाट के पास हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दुर्घटना में करीब एक दर्जन लोगों के दिवंगत होने का समाचार है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रूपये की राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने आज खलघाट में हुई बस दुर्घटना का तत्काल संज्ञान लिया। बस के नर्मदा नदी में गिर जाने की सूचना मिलते ही उन्होंने प्रशासन को शीघ्र पहुँचने के निर्देश दिए। बस को निकालने और उसमें फँसे लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन बिना विलंब शुरू हुआ। जिला प्रशासन के अधिकारी और संबंधित स्टाफ तत्काल घटना-स्थल पर पहुँचे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल घटना-स्थल के लिए तत्काल रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुर्घटना स्थल पर एसडीआरएफ और आवश्यक संसाधन भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री का खरगोन, धार और इंदौर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क रहा। उन्होंने खरगोन कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी भी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खरगोन, धार और इंदौर जिला प्रशासन के संपर्क में रहे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से फोन पर चर्चा की
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा नदी में हुई बस दुर्घटना की जानकारी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को भी दी। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से कहा कि मध्यप्रदेश से सभी शव सम्मानपूर्वक महाराष्ट्र भेजे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रशासन के प्रयासों से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जाँच के निर्देश दिए गए हैं। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री से भी उनकी चर्चा हुई है। शासन की ओर से प्रभावित परिवारों की पूरी सहायता की जाएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.