इंदौर— एमवाय अस्पताल से बच्चे की चोरी
इंदौर। यहां के एमवाय अस्पताल से फिर एक बच्चा चोरी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रानी बियानी नाम की महिला दिवाली की रात अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती हुई थी। भर्ती होने के कुछ समय बाद रानी ने एक बच्चे को जन्म दिया था। लेकिन बिस्तर से अचानक बच्चे के गायब होने के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया है। काफी तलाशने के बाद अस्पताल से बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया है।
शहर के इस सबसे बडे अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तो उसमें दो महिलाएं बच्चे को लेकर जाती हुई नजर आ रही हैं। उसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। पीड़ित महिला ने पुलिस में बच्चा चोरी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार सुबह 5 बजे यह घटना हुई। बच्चे को ले जाने वाली महिला ने नर्स के ड्रेस में थी। वह बच्चे का दिल धड़कने का बहाना बनाकर बेड से ले गई थी।